Crime News/Jabalpur News/Madhya Pradesh News
तिलवारा पुलिस का बड़ा खुलासा:अंधी हत्या और लूटकांड में 3 गिरफ्तार,पुरानी रंजिश में उतारा मौत के घाट...
जोधपुर पड़ाव में चाकू मारकर की थी हत्या, भागते समय युवकों से लूटा मोबाइल…एक विधि-विवादित बालक भी शामिल
जबलपुर।तिलवारा थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज अंधी हत्या और लूट की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक विधि-विवादित बालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते दस्सीलाल बसौर की चाकू मारकर हत्या करना कबूल किया है। वहीं वारदात के बाद भागते समय दो युवकों से मोबाइल लूटने की घटना का भी खुलासा हुआ है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो बटनदार चाइना चाकू, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और छीना गया मोबाइल बरामद किया है।
क्या था पूरा मामला?
घटना 4 और 5 मई 2026 की दरम्यानी रात की है। जोधपुर पड़ाव निवासी लक्ष्मीबाई बसौर ने पुलिस को बताया कि रात करीब 2:30 बजे वह घर के बाहर बनी टपरिया में गई थीं। तभी मोटरसाइकिल सवार तीन युवक वहां पहुंचे और उनके साथ हाथापाई करने लगे।
महिला की चीख सुनकर बेटा मोनू और पति दस्सीलाल बसौर बाहर आए। इसी दौरान आरोपियों में से एक ने पहले से हाथ में रखे चाकू से दस्सीलाल के पेट में ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर हालत में उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने इलाके के CCTV फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या करना स्वीकार किया। साथ ही उन्होंने यह भी कबूला कि वारदात के बाद गढ़ा रेलवे स्टेशन के पास दो युवकों से पैसे मांगे और विरोध करने पर चाकू दिखाकर मोबाइल लूट लिया।
गिरफ्तार आरोपी
•शुभम पाण्डेय (24) निवासी शास्त्रीनगर तिलवारा
•शरद बर्मन (21) निवासी भटौली ग्वारीघाट
•एक 17 वर्षीय विधि-विवादित बालक
जप्त सामग्री
•02 बटनदार चाइना चाकू
•बिना नंबर प्लेट मोटरसाइकिल
•02 मोबाइल फोन
•छीना गया मोबाइल

