Jabalpur News/Madhya Pradesh News/ Crime /Corruption
जबलपुर मेडिकल कॉलेज में ‘कैश का खेल’!70 लाख का गबन,सिस्टम पर उठे बड़े सवाल?
मरीजों-छात्रों की फीस में हेराफेरी,3 साल से चलता रहा खेल… अब FIR की तैयारी
जबलपुर।संस्कारधानी के सबसे बड़े सरकारी मेडिकल संस्थान नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में एक चौंकाने वाला वित्तीय घोटाला सामने आया है।यहां मरीजों और छात्रों से वसूली गई फीस के लाखों रुपये गायब होने का मामला उजागर हुआ है, जिसने पूरे सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।जानकारी के मुताबिक,साल 2020 से अब तक करीब 65 से 70 लाख रुपये का बड़ा ‘मिसमैच’ सामने आया है।यानी जितनी रकम वसूली गई और जितनी बैंक में जमा हुई,दोनों के बीच भारी अंतर पाया गया है।
सूत्रों की मानें तो अस्पताल के अलग-अलग काउंटरों पर तैनात कैशियरों द्वारा फीस और अन्य शुल्क तो वसूले गए, लेकिन पूरी राशि बैंक तक नहीं पहुंची। यह गड़बड़ी लंबे समय तक बिना किसी जांच के चलती रही, जिससे प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल उठ रहे हैं।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को शो-कॉज नोटिस जारी किया था, जिनके जवाब भी प्राप्त हो चुके हैं। वहीं अब एक आंतरिक जांच समिति गठित की गई है, जिसकी रिपोर्ट जल्द आने वाली है।
मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ.नल अग्रवाल ने साफ कहा है कि मामला बेहद गंभीर है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना दे दी गई है और जांच रिपोर्ट के आधार पर जल्द ही FIR दर्ज कराई जाएगी। साथ ही,संदिग्ध कर्मचारियों को उनके पदों से हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि
👉आखिर 3 साल तक यह गड़बड़ी बिना पकड़े कैसे चलती रही?
👉क्या इसमें सिर्फ कर्मचारी ही जिम्मेदार हैं या सिस्टम की भी बड़ी चूक है?
फिलहाल पूरे मामले ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं,और अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट और पुलिस कार्रवाई पर टिकी हुई है।
