CBI NEWS|Railway News|Crime News|Corruption News
कटनी रेलवे में CBI का बड़ा एक्शन: 45 हजार की रिश्वत लेते वरिष्ठ अनुभाग अभियंता गिरफ्तार,12 नवंबर तक जेल भेजे गए
ठेकेदार के कर्मचारियों की नियुक्ति के बदले मांगी थी रकम,500-500 रुपये के 90 नोटों से बिछाया गया जाल; न्यू कटनी जंक्शन में पदस्थ अधिकारी को रंगे हाथों पकड़ा
जबलपुर/कटनी।रेलवे में भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो(CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए न्यू कटनी जंक्शन में पदस्थ एक वरिष्ठ अनुभाग अभियंता को 45 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) जबलपुर की टीम ने 5 नवंबर की रात योजनाबद्ध ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।गिरफ्तार अधिकारी की पहचान वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (इलेक्ट्रिक-एम) अजयवीर सिंह के रूप में हुई है।
मामला ठेकेदार के कर्मचारियों की नियुक्ति से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि कर्मचारियों को स्टेशन पर काम करने देने के एवज में अधिकारी ने प्रति कर्मचारी 1,500 रुपये के हिसाब से कुल 45 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने पहले रिश्वत मांगने के आरोप का सत्यापन कराया और फिर जाल बिछाकर कार्रवाई की।
ठेकेदार की शिकायत पर शुरू हुई जांच,प्रति कर्मचारी 1,500 रुपये की मांग का आरोप
सीबीआई से मिली जानकारी के अनुसार,कटनी निवासी ठेकेदार शशांक कुशवाहा ने वरिष्ठ अनुभाग अभियंता अजयवीर सिंह के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि ठेकेदार के कर्मचारी रेलवे स्टेशन पर कार्यरत हैं। उनकी नियुक्ति और कामकाज के एवज में अधिकारी ने प्रत्येक कर्मचारी से 1,500 रुपये के हिसाब से कुल 45 हजार रुपये की मांग की।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीबीआई ने मामले की प्रारंभिक जांच शुरू की।
स्वतंत्र गवाह के सामने रिश्वत मांगने का सत्यापन, फिर दर्ज हुआ केस
सीबीआई ने 4 नवंबर को स्वतंत्र गवाह की मौजूदगी में रिश्वत मांगने संबंधी आरोपों का सत्यापन कराया।जांच के दौरान शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होने के बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसके बाद सीबीआई की टीम ने आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते पकड़ने के लिए ट्रैप कार्रवाई की योजना तैयार की।
500 रुपये के 90 नोट लेकर पहुंची टीम,45 हजार लेते ही दबोचा
5 नवंबर की रात सीबीआई ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की।शिकायतकर्ता के पिता तेजराम कुशवाहा ने 500-500 रुपये के कुल 90 नोट,यानी 45 हजार रुपये, टीम को उपलब्ध कराए।
सीबीआई के मुताबिक,तय योजना के अनुसार तेजराम कुशवाहा ने आरोपी अधिकारी को रिश्वत की रकम दी। जैसे ही अधिकारी ने रकम स्वीकार की और टीम को निर्धारित संकेत मिला, सीबीआई के अधिकारियों ने तत्काल दबिश देकर उसे पकड़ लिया।कार्रवाई के दौरान कथित रिश्वत की पूरी रकम बरामद की गई।
गिरफ्तारी के बाद मेडिकल परीक्षण,CBI कोर्ट ने 12 नवंबर तक भेजा न्यायिक हिरासत में
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने आरोपी अधिकारी का मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद शुक्रवार, 6 नवंबर को उसे जबलपुर स्थित सीबीआई न्यायालय में पेश किया गया।
न्यायालय ने मामले की सुनवाई के बाद आरोपी को 12 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए।
रेलवे में भ्रष्टाचार पर CBI की कार्रवाई से मचा हड़कंप
रेलवे से जुड़े ठेकेदारों और उनके कर्मचारियों के कामकाज के बदले कथित रूप से रिश्वत मांगने का यह मामला सरकारी व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।
सीबीआई की इस कार्रवाई से रेलवे महकमे में हलचल है। फिलहाल मामले में आगे की वैधानिक जांच जारी है। आरोपी के विरुद्ध लगाए गए आरोपों का अंतिम निर्धारण न्यायालय में होगा।
विकास की कलम NEWS | जबलपुर-संभाग
