Vikas ki kalam

Crime News:जबलपुर में अवैध पटाखा कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 4 दुकानदारों पर FIR;भारी मात्रा में पटाखे जब्त

जबलपुर समाचार|क्राइम न्यूज|मध्य प्रदेश पुलिस

जबलपुर में अवैध पटाखा कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन,4 दुकानदारों पर FIR;भारी मात्रा में पटाखे जब्त

गढ़ा से गुरंदी बाजार और सर्वोदय नगर तक पुलिस की दबिश,बिना लाइसेंस रहवासी इलाकों में पटाखे बेचने वालों पर कार्रवाई;विस्फोटक अधिनियम के तहत दर्ज हुए मामले

जबलपुर।दीपावली के दौरान शहर में पटाखों की अवैध बिक्री और रिहायशी इलाकों में विस्फोटक सामग्री के भंडारण को लेकर जबलपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने 4 नवंबर को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए बिना लाइसेंस पटाखे बेच रहे चार दुकानदारों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए हैं। कार्रवाई के दौरान विभिन्न प्रकार के पटाखे और विस्फोटक सामग्री जब्त की गई।

पुलिस के अनुसार,रिहायशी क्षेत्रों में ज्वलनशील सामग्री का अवैध रूप से भंडारण और बिक्री लोगों की जान-माल के लिए खतरा बन सकती है। इसी को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर शहर के अलग-अलग इलाकों में विशेष कार्रवाई की गई।

गढ़ा के काजी मोहल्ले में पटाखों की दुकान पर छापा,अब्दुल रहमान के खिलाफ मामला दर्ज

गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि काजी मोहल्ला क्षेत्र में अब्दुल रहमान नामक व्यक्ति बिना अनुमति के पटाखों की बिक्री कर रहा है।

सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। जांच के दौरान दुकान संचालक अब्दुल रहमान (36), निवासी काजी मोहल्ला, पटाखे बेचने संबंधी लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने उसके कब्जे से बुलट बम, डबल आवाज वाले बम, लच्छी बम, लक्ष्मी बम, अनारदाना, फुलझड़ी, मुर्गा छाप पटाखे, चकरी और रॉकेट सहित विभिन्न प्रकार के पटाखे जब्त किए। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 1,800 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(बी), 288 तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 8/9 के तहत कार्रवाई की।

अरिहंत बुक डिपो के पास भी मिली अवैध पटाखा बिक्री,1000 पाइप बम जब्त

गढ़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने दूसरी कार्रवाई अरिहंत बुक डिपो के पास की। यहां आगम जैन (19), निवासी इंदिरा गांधी वार्ड, के पास से दो पेटियों में रखे करीब 1000 पाइप बम जब्त किए गए।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पटाखों की बिक्री के संबंध में वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसके विरुद्ध धारा 223(बी), 288 बीएनएस और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 8/9 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

गुरंदी बाजार में गुलाल की दुकान से पटाखे बरामद,विनय सोनकर पर कार्रवाई

बेलबाग थाना पुलिस ने छावड़ा अस्पताल तिराहा स्थित गुरंदी बाजार में कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि विनय सोनकर अपनी गुलाल की दुकान से अवैध रूप से पटाखों की बिक्री कर रहा है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने विनय सोनकर (36), निवासी काली दुर्गा मंदिर के सामने, भरतीपुर से पटाखा बिक्री का लाइसेंस मांगा, लेकिन वह प्रस्तुत नहीं कर सका।

तलाशी के दौरान पुलिस ने 20 पैकेट लियोपार्ड किंग माचिस बम जब्त किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1,500 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ धारा 288 बीएनएस तथा विस्फोटक अधिनियम की धारा 5 और 9(ख)(1)(ख) के तहत कार्रवाई की गई।

सर्वोदय नगर में वासु चिकन शॉप के सामने चल रही थी पटाखों की बिक्री, 221 पैकेट जब्त

लार्डगंज थाना पुलिस ने सर्वोदय नगर ट्रांसफार्मर के पास वासु चिकन शॉप के सामने रिहायशी क्षेत्र में दबिश दी। यहां एम. श्रीनिवास उर्फ वासु (38), निवासी सर्वोदय नगर, बिना लाइसेंस पटाखों की बिक्री करते हुए मिला।

पुलिस ने मौके से म्यूजिक बम, क्रेकर सहित विभिन्न प्रकार के कुल 221 पैकेट पटाखे जब्त किए। आरोपी के खिलाफ धारा 288 बीएनएस तथा विस्फोटक अधिनियम की धारा 5 और 9(ख)(1)(ख) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

एसपी के निर्देश पर चला अभियान, वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई

जबलपुर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अवैध पटाखा निर्माण, विस्फोटक सामग्री के भंडारण और बिना अनुमति बिक्री करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ.आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला तथा नगर पुलिस अधीक्षक गढ़ा आशीष जैन, कोतवाली अखिलेश गौर और ओमती सोनू कुर्मी के मार्गदर्शन में संबंधित थाना पुलिस ने कार्रवाई की।

रिहायशी इलाकों में पटाखों की अवैध बिक्री से हादसे का खतरा

रिहायशी इलाकों में पटाखों और ज्वलनशील सामग्री का बिना अनुमति भंडारण गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है। ऐसे स्थानों पर आग लगने की स्थिति में आसपास के मकानों और दुकानों तक खतरा पहुंचने की आशंका रहती है।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शहर में अवैध पटाखा कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। अब देखना होगा कि पुलिस का यह अभियान आगे किन क्षेत्रों तक पहुंचता है।

विकास की कलम NEWS | जबलपुर

एक टिप्पणी भेजें

If you want to give any suggestion related to this blog, then you must send your suggestion.

और नया पुराने