जबलपुर लेमा गार्डन अग्निकांड: 7 परिवारों के आशियाने राख,फिर 18 लोगों को कैसे मिली राहत?कबाड़खानों की भूमिका पर उठे सवाल
गाजी नगर की आग के बाद राहत सूची पर विवाद, स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल;आग की वजह और वास्तविक प्रभावितों की संख्या की निष्पक्ष जांच की मांग
जबलपुर।शहर के लेमा गार्डन स्थित गाजी नगर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद अब आग से हुए नुकसान के साथ-साथ राहत वितरण की प्रक्रिया भी सवालों के घेरे में आ गई है। शुरुआती जानकारी में करीब 50 झुग्गियों के जलने की बात सामने आई थी,जबकि बाद में प्रभावितों की संख्या 18 बताई गई।दूसरी ओर,घटनास्थल की पड़ताल और प्रभावित परिवारों के वीडियो बयानों के आधार पर सात परिवारों की आबाद झुग्गियां जलने की जानकारी सामने आई है। एक अन्य झुग्गी खाली बताई जा रही है, जहां रहने वाला परिवार करीब एक साल पहले दूसरी बस्ती में जा चुका था।
इस पूरे मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।आखिर आग में वास्तव में कितने परिवार प्रभावित हुए? राहत के लिए 18 लोगों की सूची किस आधार पर तैयार की गई? क्या सूची बनाने से पहले मौके पर जाकर सत्यापन किया गया था? अब स्थानीय लोग इन सवालों के जवाब प्रशासन से मांग रहे हैं।
राहत सूची में 18 नाम,जबकि सात परिवारों के घर जलने का दावा
अग्निकांड के बाद राहत राशि के वितरण को लेकर स्थानीय स्तर पर विवाद सामने आया है।लोगों का आरोप है कि प्रभावितों की संख्या बढ़ाकर 18 बताई गई और कुछ परिचितों को भी राहत सूची में शामिल कराया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार,18 व्यक्तियों को तीन-तीन हजार रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, इस सूची में शामिल सभी लोगों की वास्तविक स्थिति और पात्रता की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि राहत सूची तैयार करने में किन दस्तावेजों और जांच प्रक्रिया को आधार बनाया गया? क्या सभी 18 लाभार्थियों के आवासीय नुकसान का भौतिक सत्यापन हुआ था? प्रशासनिक रिकॉर्ड सामने आने के बाद ही इस विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
कबाड़खानों में रखी ज्वलनशील सामग्री से आग फैलने की आशंका,जांच की मांग
आग लगने के कारणों को लेकर भी स्थानीय निवासियों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि आसपास संचालित कबाड़खानों में प्लास्टिक, पुराने तार और अनुपयोगी विद्युत उपकरण बड़ी मात्रा में रखे हुए थे। ऐसी सामग्री आग लगने की स्थिति में उसे तेजी से फैलाने का कारण बन सकती है।
स्थानीय लोगों ने भूरा कबाड़ी के कबाड़खाने,मोहम्मद गुलाम के पुराने एसी-फ्रिज गोदाम और मोहम्मद हुसैन से जुड़े कैरम क्लब एवं कबाड़ कारोबार का उल्लेख करते हुए संबंधित स्थानों की जांच की मांग की है।
कुछ निवासियों का दावा है कि घटनास्थल पर बिजली की लाइन नहीं थी।ऐसे में शॉर्ट सर्किट की आशंका सहित आग लगने के सभी संभावित कारणों की तकनीकी जांच कराई जानी चाहिए।
हालांकि,आग कब और किन परिस्थितियों में लगी तथा इसमें किसी कबाड़खाने की भूमिका थी या नहीं,इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
इन सात परिवारों की गृहस्थी आग में हुई तबाह
स्थानीय स्तर पर की गई पड़ताल में जिन सात परिवारों की झुग्गियां आबाद होने और आग में गृहस्थी नष्ट होने की जानकारी सामने आई है,उनमें शामिल हैं:
1. बानो बी
2. मोहम्मद शब्बीर
3. मोहम्मद साबिर
4. ज्योति डोमार
5. माया बाई डोमार
6. दिव्यांग अख्तरी बी
7. मोहम्मद पीरू
इन परिवारों के सामने आग के बाद दोबारा अपना आशियाना खड़ा करने और रोजमर्रा की जिंदगी शुरू करने की चुनौती खड़ी हो गई है।
उजड़े परिवारों की मदद के लिए आगे आए जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठन
अग्निकांड के बाद प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए स्थानीय विधायक, जमात-ए-इस्लामी, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने मदद के प्रयास किए।
इसी क्रम में पंडित मोतीलाल नेहरू वार्ड के पार्षद शफीक हीरा की ओर से सात प्रभावित परिवारों के लिए नई झुग्गियों का निर्माण कराया जा रहा है।इस कार्य में पार्षद प्रतिनिधि सोनू खान,फैज अंसारी,आमिर अंसारी गुड्डा,नवाजिश अंसारी और इम्तियाज अंसारी सहयोग कर रहे हैं।
प्रभावित परिवारों ने इस सहायता की पुष्टि करते हुए सहयोग करने वालों के प्रति आभार व्यक्त किया है। मुश्किल समय में मिली इस मदद से पीड़ित परिवारों को फिर से अपना आशियाना तैयार करने की उम्मीद जगी है।
प्रशासन से उठे पांच बड़े सवाल,निष्पक्ष जांच की मांग
लेमा गार्डन अग्निकांड अब केवल आग से हुए नुकसान तक सीमित नहीं रह गया है।राहत वितरण और आग लगने के संभावित कारणों को लेकर भी जवाबदेही तय करने की मांग उठ रही है।
-जब सात आबाद परिवारों के घर जलने की जानकारी सामने आई,तो राहत सूची में 18 नाम किस आधार पर शामिल किए गए?
-क्या सभी लाभार्थियों का मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन किया गया?
-खाली झुग्गी में रहने वाले परिवार को भी प्रभावितों की सूची में शामिल किया गया था या नहीं?
-आसपास संचालित कबाड़खानों में ज्वलनशील सामग्री के भंडारण और सुरक्षा नियमों की जांच हुई या नहीं?
-आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच कराई गई या नहीं?
पीड़ितों को मिले न्याय,राहत सूची की हो पारदर्शी जांच
लेमा गार्डन के गाजी नगर में हुए अग्निकांड ने गरीब परिवारों की जिंदगी को प्रभावित किया है।ऐसे समय में राहत का लाभ वास्तविक पीड़ितों तक पहुंचना सबसे जरूरी है।
प्रशासन को चाहिए कि अग्निकांड में हुए नुकसान का दोबारा भौतिक सत्यापन कराए,राहत सूची सार्वजनिक करे और आग लगने के कारणों की निष्पक्ष जांच कराए। यदि राहत वितरण में किसी तरह की अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
अब निगाहें प्रशासनिक जांच पर टिकी हैं। सात परिवारों के उजड़े आशियानों और 18 लोगों की राहत सूची के बीच उठे सवालों का जवाब सरकारी रिकॉर्ड और निष्पक्ष जांच से ही सामने आ सकेगा।
विकास की कलम NEWS|जबलपुर
