Vikas ki kalam

बजरंग नगर में महिला का हार झपटने वाले, दोनों आरोपी गिरफ्तार



बजरंग नगर में महिला का हार झपटने वाले, दोनों आरोपी गिरफ्तार






विकास की कलम/जबलपुर

जबलपुर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र के बजरंग नगर में शादी से लौट रही महिला के साथ हुई झपट्टामारी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पांच तोला वजनी सोने का हार लूटकर फरार हुए दोनो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों युवक कंचनपुर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। दोनों ही युवक बेहद कम उम्र के है एवं शौक़ पूरा करने के चक्कर में जुर्म कर बैठे लेकिन पहले ही अटेम्प्ट में रन आउट हो गए।




क्या है पूरा मामला

मामला माढ़ोताल थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले बजरंग नगर का है। जहां रहने वाले अरुण सोनी के घर उनकी बच्ची का विवाह उत्सव था। चूंकि बच्ची का विवाह भोपाल में सम्पन्न होना था लिहाजा सभी परिजन बजरंग नगर पहुंचे एवं वहां से बस द्वारा भोपाल रवाना हुए। 9 फरवरी की शाम 8 बजे जब पूरा परिवार जबलपुर पहुंचा तो बजरंग नगर मेन रोड पर बस रुकी एवं एक एक करके सभी परिजन अंदर गली की तरफ जाने लगे।इसी दौरान यादव कॉलोनी निवासी मीना सोनी भी पैदल गली में जा रही थी। तभी अचानक सामने से दो मोटर साइकिल सवार आए और मीना सोनी के गले में झपट्टा मारकर हार छीन लिया।इस दौरान महिला ने अपने अन्य परिवार वालों को आवाज लगाई लेकिन तब तक बाइक सवार भाग चुके थे।लूटा गया हार लगभग पांच तोला वजनी बताया गया, जिसकी कीमत करीब सात से आठ लाख रुपये आंकी गई है।




घटना के बाद, क्षेत्र में आक्रोश

घटना के तत्काल बाद ही पुलिस को घटना क्रम से अवगत कराया गया।सभी क्षेत्र वासियों ने एकत्र होकर न केवल पीड़ित महिला को साहस बंधाया बल्कि पुलिस गश्त पर भी सवालिया निशान खड़े किए। क्षेत्र वासियों ने जानकारी देते हुए कहा कि बीते कुछ समय से लगातार क्षेत्र में बाइकर्स की धमाचौकड़ी काफी बढ़ गई है। साथ ही मुख्य मार्ग होने के बावजूद भी यहां प्रकाश की व्यवस्था पूरी तरह ठप्प है। पुलिसिया गश्त भी कभी कभार ही होती है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि इस मुख्य मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं नियमित पुलिस गश्त की व्यवस्था की जाए।ताकि आने वाले समय में ऐसे घटना क्रम पर रोकथाम लगाई जा सके।




पुलिस की मुस्तैदी से बेहद कम समय में पकड़े गए झपटमार

घटना की सूचना लगते ही तत्काल मौके पर पहुंचे माढ़ोताल थाना प्रभारी ने सबसे पहले पीड़ित परिवार से मुलाकात की इस दौरान उन्होंने महिला को आश्वस्त किया कि जल्द ही उनका हार मिल जाएगा। पीड़ित महिला से पुलिस को जानकारी मिली कि दो युवक जो क्रमशः सफेद रंग एवं नीले रंग के कपड़े पहने है वारदात कर के विजय नगर की और भागे है। इधर माढ़ोताल थाना प्रभारी ने घटना से वरिष्ठ अधिकारीयों को अवगत कराते हुए तत्काल ही थाना टीम को निर्देशित किया। इस दौरान पुलिस ने 15 सीसीटीवी कैमरों के करीब 20 फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की और उनके भागने के रूट को ट्रेस किया।




बजरंग नगर से कंचनपुर जाने के लिए पूरा शहर नाप रहे थे आरोपी बाइकर्स

घटना स्थल से मिले कुछ अधूरे सीसी टीवी फुटेज की कड़ी जोड़ते हुए पुलिस ने एक के बाद एक कड़ी जोड़ना शुरू किया। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपियों की बाइक की मूवमेंट विजयनगर
महानद्दा क्षेत्र से पाठ बाबा और वहां से कंचन पुर की ओर जाती हुई पाई गई। सबसे खास बात यह है कि पुलिस को गुमराह करने दोनों युवक हर आधे घंटे में अपना रूट बदल रहे थे। और घटना स्थल से कंचन पुर तक का मार्ग तय करने के लिए उन्होंने पूरा शहर नाप लिया था।




मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्य से मिली सफलता

घटना को लेकर थाना प्रभारी माढोताल वीरेन्द्र सिह पवार के नेतृत्व में एक टीम गठित कर लगायी गयी। टीम ने पूरी तत्परता के साथ खोजबीन शुरू की इस दौरान घटना स्थल मे आस-पास लगे सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज चैक किये गये, मिले फुटेज में चिन्हित करते हुये विश्वसनीय मुखबिरों को लगाया गया। इधर सीसी टीवी फुटेज के जरिए पुलिस आरोपियों के बीच आंख मिचौली चल ही रही थी कि,उन्हें विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि दीन दयाल बस स्टेण्ड के पास दो युवक संदिग्ध अवस्था में मोटरसाइकिल के साथ खड़े है। मुखबिर के बताए स्थान पर दबिश देते हुये संदिग्ध युवकों को पकड़ कर पूछताछ की गई। दोनों युवक कंचनपुर के पास रहते है। हुलिया और कपड़ों की मिलन होने पर दोनों को विस्तृत पूछताछ के लिए थाने लाया गया।





युवकों ने जुर्म किया स्वीकार, टूल बॉक्स में रखा मिला हार।

मुखबिर की सूचना पर दीन दयाल बस स्टेण्ड के पास दबिश देते हुये चिन्हित प्रिंस हल्दकार एवं तनिष्क कोरी को मोटर सायकल सहित पकड़ा गया, दोनों को थाना लाकर सघन पूछताछ करने पर दोनों ने मिलकर दिनांक 9-2-26 को कटंगी बायपास के पास बजरंग नगर मे एक महिला से हार छीनना स्वीकार किया एवं छीना हुआ हार अपनी मोटर सायकल के टूल बाक्स में छिपाकर रखना बताया । आरोपी तनिष्क की निशादेही पर छीना हुआ रानी हार वजनी लगभग 5 तोला कीमती लगभग 7 लाख रूपये का तथा घटना मे प्रयुक्त मोटर सायकल क्रमांक एमपी 20 जेड क्यू 9134 जप्त करते हुये आरोपियों को प्रकरण मे विधिवत गिरफ्तार कर मान्नीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।




इनकी बदौलत मिल पाया महिला का हार

महिला के साथ लूट करने वाले लुटेरों को गिरफ्तार कर छीना हुआ सोने का हार जप्त करने में थाना प्रभारी माढोताल वीरेन्द्र सिंह पवार, उप निरीक्षक संजय सिह, सहायक उप निरीक्षक विजय शुक्ला, आरक्षक सचिन मेहरा, विनय सिह, निकेश कुमार, कुनाल यादव, थाना विजय नगर मे पदस्थ सायबर हैल्प डेस्क में पदस्थ आरक्षक आदित्य परस्ते तथा सायबर सेल के उप निरीक्षक कपूर सिंह मरावी, अजय सिह की सराहनीय भूमिका रही ।



एक टिप्पणी भेजें

If you want to give any suggestion related to this blog, then you must send your suggestion.

और नया पुराने