Vikas ki kalam,जबलपुर न्यूज़,Taza Khabaryen,Breaking,news,hindi news,daily news,Latest Jabalpur News

कांग्रेस की बांटो और राज करो की राजनीति गुजरात में नहीं चलेगी : पीएम मोदी

 कांग्रेस की बांटो और राज करो की राजनीति गुजरात में नहीं चलेगी : पीएम मोदी

अहमदाबाद | गुजरात में पहले चरण का चुनाव प्रचार खत्म होने से एक दिन पहले सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भावनगर कच्छ जामनगर और राजकोट में चार रैलियां की| चारों रैलियों में पीएम मोदी के निशाने पर कांग्रेस रही| उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई वाली भारत जोड़ो यात्रा में नर्मदा बचाओ आंदोलन की नेता रही मेधा पाटकर के शामिल होने को मुद्दा बनाते हुए एक बार फिर कांग्रेस पर निशाना साधा| मोदी ने कहा कि गुजरात की जनता का विश्वास पुन: हासिल करने के लिए उसे बांटो और राज करो की रणनीति त्यागनी होगी| भावनगर जिले के पालीताना में भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में सोमवार को आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि राज्य ने कांग्रेस को इसलिए खारिज कर दिया क्योंकि एक क्षेत्र व समुदाय के लोगों को दूसरे क्षेत्र व समुदाय के लोगों के खिलाफ भड़काने की उसकी नीति की वजह से राज्य को बहुत नुकसान उठाना पड़ा है| गुजरात की जनता ऐसे लोगों की मदद को तैयार नहीं है जो भारत को तोड़ने की चाह रखने वाले तत्वों का समर्थन करते हों| बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा में मेधा पाटकर के शामिल होने के मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी पूर्व की अपनी चुनावी जनसभाओं में भी कांग्रेस पर निशाना साध चुके हैं| पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि सूखाग्रस्त सौराष्ट्र क्षेत्र में नर्मदा का पानी पहुंचाने की कोशिश में भी कांग्रेस ने रोड़े अटकाने का प्रयास किया था| उन्होंने कहा कि गुजरात ऐसे लोगों को कभी माफ नहीं करेगा जो सरदार सरोवर बांध परियोजना को 40 सालों तक रोकने वालों के साथ यात्रा कर रहे हैं| विपक्षी कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए मोदी ने कहा- कांग्रेस की विचारधारा बांटो और राज करो वाली है| गुजरात के पृथक राज्य बनने से पहले उसने गुजराती और मराठी लोगों को एक दूसरे से लड़ाया| बाद में कांग्रेस ने विभिन्न जाति व समुदाय के लोगों को एक दूसरे के खिलाफ भड़काया| कांग्रेस के ऐसे पापों की वजह से गुजरात को बहुत नुकसान हुआ| पालीताणा के बाद पीएम मोदी ने कच्छ के अंजार जामनगर के गोरधनपुर और अंत में सौराष्ट्र की राजधानी माने जाते राजकोट में चुनावी रैली की| पीएम मोदी ने हर सभाओं पर कांग्रेस पर कड़े प्रहार किए और कहा कि उसके शासन के दिनों को याद करने की आज कोई जरूरत नहीं है| पीएम मोदी ने कहा कि भारत के कई राज्य ऐसे हैं जहां से कांग्रेस का सफाया हो गया| जिसके बाद जनता ने उसे दोबारा सत्ता तक पहुंचने ही नहीं दिया| 20 साल पहले गुजरात में 11 मेडिकल कॉलेज थी जबकि आज 36 मेडिकल कॉलेज हैं और 20 पहले सरकारी अस्पताल में 15000 बेड थे जो बढकर 60000 पर पहुंच गए हैं| जामनगर ट्रेडिशनल मेडिसीन का दुनिया का सबसे बड़ा केन्द्र बनने वाला है और उसकी नींव हमने डाल दी है| पीएम मोदी ने कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति के लिए कांग्रेस देश की सेना के हाथ बांध रखती थी| उन्होंने कहा कि गुजरात में जो शांति है उसके नींव में प्रगति है और एक मजबूत सरकार है जो आतंकियों के घर में घुसकर उसे मारकर आती है| उन्होंने कहा कि कोरोनाकाल के बाद दुनिया में करोड़ों लोगों की नौकरियों से छंटनी हुई लेकिन भारत में उसका असर नहीं के बराबर रहा| छोटे-मोटे उद्योगों फिर एक बार पहले की भांति रफ्तार पकड़ ली है| आज दुनिया में भारत का डंका बज रहा है| दुनियाभर में डिजिटल इंडिया की चर्चा हो रही है| उन्होंने कहा कि गुजरात पांच वर्ष के लिए नहीं बल्कि गुजरात के आगामी 25 वर्ष के भविष्य के लिए है| गुजरात में चुनाव नरेन्द्र या भूपेन्द्र नहीं लड़ रहे गुजरात की जनता मौजूदा चुनाव लड़ रही है| मोदी ने कहा कि बेट द्वारका में सिग्नेचर ब्रिज टूरिस्टों में सबसे बड़ा आकर्षण बने इस दिशा में तेजी से काम हो रहा है| अब पूरी दुनिया भारत के बारे में जानने के उत्सुक है| हम गुजरात ऐसा राज्य बनाएं जहां दुनियाभर के प्रवासी आएं|

Post a Comment

If you want to give any suggestion related to this blog, then you must send your suggestion.

Previous Post Next Post