Vikas ki kalam

जबलपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई,डी मार्ट से 200 किलो श्रीधी घी जब्त

जबलपुर | खाद्य सुरक्षा | प्रशासनिक कार्रवाई

जबलपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई,डी मार्ट से 200 किलो श्रीधी घी जब्त

मल्टी ब्रांड स्टोर्स और पिज्जा सेंटरों पर देर रात तक चला निरीक्षण,घी-पनीर के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे

जबलपुर।शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट की जांच को लेकर जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रशासन भोपाल और कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने बुधवार रात से गुरुवार तक शहर के विभिन्न मल्टी ब्रांड रिटेल स्टोर्स,डेयरी और पिज्जा सेंटरों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मिलावट की आशंका में करीब 215 किलो घी और 25 किलो पनीर जब्त किया गया।जब्त घी की कीमत करीब 1.54 लाख रुपये बताई गई है।अधिकारियों ने अलग-अलग खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

डी मार्ट से 200 किलो श्रीधी घी जब्त

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता के अनुसार टीम ने तिलहरी और विजय नगर स्थित डी मार्ट स्टोर्स का निरीक्षण किया।यहां मिलावट की आशंका के चलते 200 किलो श्रीधी घी जब्त किया गया।जब्त घी की अनुमानित कीमत करीब 1.40 लाख रुपये बताई गई है।

अधिकारियों ने घी के नमूने भी लिए हैं। इन नमूनों की जांच के बाद ही इसकी गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप होने की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

ब्लिंकिट स्टोर से भी घी जब्त

कार्रवाई के दौरान तिलहरी स्थित ब्लिंकिट स्टोर का भी निरीक्षण किया गया।यहां से करीब 14 हजार रुपये कीमत का 15 लीटर गोवर्धन काऊ घी जब्त किया गया। इसके नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं।

डेयरी और पिज्जा सेंटरों पर भी जांच

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने केवल रिटेल स्टोर्स तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी,बल्कि शहर के कई पिज्जा सेंटर और डेयरी प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया।

ग्वारीघाट और रसल चौक स्थित डोमिनोज पिज्जा सेंटरों से पनीर के नमूने लिए गए।इसके अलावा सिविक सेंटर स्थित गोविंदा पिज्जा सेंटर से भी पनीर का सैंपल लिया गया।

वहीं निवाड़गंज स्थित शिवम डेयरी से संदेह के आधार पर 25 किलो पनीर जब्त किया गया।यहां से भी पनीर और घी के नमूने लिए गए। विजय नगर स्थित राजा डेयरी से भी पनीर का नमूना जांच के लिए लिया गया है।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला,भोपाल भेजा जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की स्थिति स्पष्ट होगी।रिपोर्ट में गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य कारोबारियों में मचा हड़कंप

शहर में एक साथ कई बड़े रिटेल स्टोर्स, डेयरी और पिज्जा सेंटरों पर हुई कार्रवाई के बाद खाद्य कारोबारियों में भी हलचल देखने को मिली।प्रशासन की इस कार्रवाई से यह संदेश गया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर विभाग अब नियमित रूप से निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई कर सकता है।

विकास की कलम विशेष|जबलपुर

नोट:घी और पनीर में मिलावट की पुष्टि अभी नहीं हुई है। अंतिम स्थिति खाद्य प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

एक टिप्पणी भेजें

If you want to give any suggestion related to this blog, then you must send your suggestion.

और नया पुराने