Vikas ki kalam

Religion:श्रावस्ती में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का बड़ा हमला,गौ संरक्षण से लेकर राम मंदिर चंदे तक सरकार से पूछे सवाल?

Politics / Religion / Uttar Pradesh News

श्रावस्ती में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का बड़ा हमला,गौ संरक्षण से लेकर राम मंदिर चंदे तक सरकार से पूछे सवाल?

श्रद्धालुओं ने किया भव्य स्वागत,बोले—गौ रक्षा को चुनावी मुद्दा बनाएंगे, राम मंदिर ट्रस्ट में बदलाव की उठाई मांग।

श्रावस्ती।ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने श्रावस्ती दौरे के दौरान गौ संरक्षण,राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे और यूजीसी से जुड़े मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गौ माता की रक्षा केवल धार्मिक नहीं बल्कि राष्ट्रीय जिम्मेदारी है और इस विषय पर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।

श्रावस्ती पहुंचने पर शंकराचार्य का इकौना बाईपास से लेकर विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। आर.के. हॉस्पिटल के समीप आयोजित पादुका पूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे।वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने उनका आशीर्वाद लिया।इसके बाद वे भिनगा स्थित काली मंदिर पहुंचे, जहां आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में सनातन परंपरा के संरक्षण का संदेश दिया।

गौ रक्षा को बनाया प्रमुख मुद्दा

सभा को संबोधित करते हुए शंकराचार्य ने कहा कि गौ संरक्षण भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। उनका कहना था कि गौवंश की सुरक्षा के लिए समाज को संगठित होना होगा और इस मुद्दे पर लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में मतदाताओं से भी गौ रक्षा के आधार पर मतदान करने की अपील की जाएगी।

राम मंदिर चंदे को लेकर ट्रस्ट पर उठाए सवाल

पत्रकारों से बातचीत के दौरान राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर शंकराचार्य ने कहा कि उनकी राय में ट्रस्ट की संरचना पर पुनर्विचार होना चाहिए। उन्होंने नया ट्रस्ट गठित करने की मांग रखते हुए कहा कि व्यवस्था में अधिक पारदर्शिता और जवाबदेही होनी चाहिए।

यूजीसी और भाजपा पर भी की टिप्पणी

यूजीसी से जुड़े विषय पर प्रतिक्रिया देते हुए शंकराचार्य ने भाजपा के पुराने नारे का उल्लेख किया और कहा कि समाज को विभाजित करने वाली किसी भी नीति से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज की एकता सर्वोपरि है और सभी निर्णय उसी भावना के अनुरूप होने चाहिए।

सपा नेताओं ने किया स्वागत

मधुवन मैरेज लॉन में आयोजित कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सर्वजीत यादव,सांसद राम शिरोमणि वर्मा, विधायक इंद्राणी वर्मा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।विधायक इंद्राणी वर्मा ने शंकराचार्य की पादुकाओं का पूजन भी किया।

एक टिप्पणी भेजें

If you want to give any suggestion related to this blog, then you must send your suggestion.

और नया पुराने