विकास की कलम/जबलपुर
जबलपुर जिले में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान का आगाज किया गया है। जहां 14–15 वर्ष की किशोरी बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन निशुल्क लगाया जा रहा है । आपको बतादें की महिलाओं में होने वाले कैंसरों में दूसरे सबसे प्रमुख सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जबलपुर जिले में एचपीवी (ह्यूमन पैपीलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार भारत में प्रतिवर्ष एक लाख से अधिक नए सर्वाइकल कैंसर के मामले सामने आते हैं और करीब 80 हजार महिलाओं की इससे मृत्यु हो जाती है। विशेषज्ञों के अनुसार यह कैंसर मुख्यतः एचपीवी वायरस के कारण होता है, जिसे किशोरी बालिकाओं में समय पर टीकाकरण के माध्यम से रोका जा सकता है। इसी उद्देश्य से भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरी बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन नि:शुल्क लगाई जा रही है, जिसका देशव्यापी शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 28 फरवरी 2026 को राजस्थान से किया गया था। जबलपुर में यह टीकाकरण सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, सिविल अस्पतालों और शहरी स्वास्थ्य केंद्रों में किया जा रहा है। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 से 15 वर्ष की बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित रखने के लिए एचपीवी का निशुल्क टीकाकरण अवश्य कराएं तथा अधिक जानकारी के लिए एएनएम, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता या नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
For video news click here
