Madhya Pradesh News / Seoni News
संभागायुक्त धनंजय सिंह का घंसौर दौरा:स्कूल, आंगनबाड़ी,अस्पताल और निर्माण कार्यों का किया औचक निरीक्षण,लापरवाही पर मांगा जवाब
कुपोषण,शिक्षा,स्वास्थ्य,कृषि और विकास कार्यों की समीक्षा;अधिकारियों को गुणवत्ता,पारदर्शिता और समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश
सिवनी|विकास की कलमजबलपुर संभाग के आयुक्त धनंजय सिंह ने गुरुवार को सिवनी जिले के जनजातीय बाहुल्य घंसौर विकासखंड का सघन दौरा कर विभिन्न शासकीय संस्थानों और निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया।उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र,प्राथमिक विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र,निर्माणाधीन छात्रावास और सेवा सहकारी समिति का जायजा लिया।इसके बाद लखनादौन में स्वास्थ्य एवं पोषण प्रबंधन कार्यशाला और जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी में कुपोषण पर सख्ती
संभागायुक्त ने ग्राम बटवानी के आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की उपस्थिति और पोषण व्यवस्था का निरीक्षण किया।गंभीर एवं मध्यम कुपोषित बच्चों की नियमित मॉनिटरिंग और एनआरसी में भर्ती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।महिला एवं बाल विकास विभाग की मॉनिटरिंग में कमी मिलने पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश भी दिए।
स्कूल में कम उपस्थिति पर नाराजगी
प्राथमिक शाला बटवानी में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति और शिक्षण स्तर अपेक्षित न मिलने पर संबंधित बीईओ और बीआरसी से जवाब तलब करने तथा शिक्षकों के प्रशिक्षण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांचने के निर्देश
निर्माणाधीन बालक छात्रावास का निरीक्षण करते हुए उन्होंने गुणवत्ता परीक्षण,सामग्री की सैंपलिंग और समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कहानी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घंसौर में ओपीडी,दवा उपलब्धता,एएनसी पंजीयन,टीकाकरण और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।मरीजों से भी उपचार व्यवस्था की जानकारी लेकर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
खाद वितरण में पारदर्शिता पर जोर
सेवा सहकारी समिति कहानी में उर्वरक वितरण व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए किसानों को ई-विकास प्रणाली के माध्यम से पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य एवं पोषण कार्यशाला में दिए अहम निर्देश
लखनादौन में आयोजित कार्यशाला में गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत एएनसी पंजीयन,एनीमिया प्रभावित महिलाओं की समय पर जांच और उपचार,प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, टीकाकरण और पोषण कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।
समीक्षा बैठक में विकास योजनाओं की प्रगति पर चर्चा
संभागायुक्त ने राजस्व,शिक्षा,प्रधानमंत्री आवास योजना,पीएम स्वनिधि,सामाजिक सुरक्षा पेंशन,जल गंगा संवर्धन अभियान, कृषि,सहकारिता,पशुपालन,मत्स्य पालन और सड़क निर्माण सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की। अधिकारियों को समय-सीमा में लक्ष्य पूरा करने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उपसंचालक कृषि और सहायक मत्स्य अधिकारी से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश कलेक्टर को दिए।
