मध्य प्रदेश न्यूज़|राजगढ़ न्यूज़|सड़क हादसा
राजगढ़ में बड़ा हादसा:झिरी नाले में गिरी ईको वैन,9 लोगों की मौत,दो को बचाया गया
राजगढ़।मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पड़ाना गांव के पास झिरी नाले में एक ईको वैन गिरने से 9 लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
जल्दबाजी में नाला पार करने की कोशिश बनी हादसे की वजह
सारंगपुर के SDOP हरविंद सिंह के मुताबिक, सुबह करीब 9 बजे सूचना मिली कि सतवास क्षेत्र से सारंगपुर की ओर आ रही एक ईको वैन पड़ाना गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर पानी में गिर गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार,चालक ने जल्दबाजी में नाले को पार करने का प्रयास किया। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पानी में जा गिरा।
9 शव बरामद,दो लोगों को सुरक्षित निकाला गया
पुलिस अधिकारी के अनुसार, हादसे के बाद दो लोगों को बचा लिया गया,जबकि 9 लोगों के लापता होने की सूचना मिली थी। राहत और बचाव दल ने तलाश अभियान चलाया और अब तक सभी 9 लापता लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस और राहत दल मौजूद रहे।
हादसे के बाद मचा हड़कंप
ईको वैन के नाले में गिरने की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। पानी में वाहन गिरने के कारण बचाव अभियान में भी चुनौती का सामना करना पड़ा। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों और वाहन में सवार लोगों की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रशासन ने शुरू की हादसे की जांच
पुलिस के अनुसार,प्रारंभिक तौर पर वाहन चालक द्वारा जल्दबाजी में नाला पार करने की कोशिश को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।
राजगढ़ के इस हादसे ने एक बार फिर बरसाती नालों और तेज बहाव वाले जल क्षेत्रों को जल्दबाजी में पार करने के खतरे को सामने ला दिया है।
